गंगाघाट कोतवाली पुलिस ने सोमवार की वाहन चेकिंग अभियान चलाया। नवीन गंगा पुल मोड़ के पास कानपुर से उन्नाव की ओर जा रही उत्तर प्रदेश शासन लिखी लखनऊ की एक कार को सीज कर दिया। कार सवार दो युवकों को संदिग्ध दिखने पर पुलिस पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई। दो वाहनों को सीज करने के साथ ही दो व चार पहिया 12 वाहनों के चालान किए गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को नवीन गंगा पुल मोड़, मिश्रा कॉलोनी मोड़, मरहला चौराहा, राजधानी मार्ग सब्जी मंडी में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। नवीन गंगा पुल मोड़ के पास एक उत्तर प्रदेश शासन लिखी कार को रोककर पूछताछ की गई तो कार सवार कागजात नहीं दिखा सके, इस पर कार को सीज किया गया।कार सवार दो युवकों से पूछताछ की जा रही है। वाहन चेकिंग के बाद मिश्रा कॉलोनी, रेलवे स्टेशन मार्ग व तिकुनिया पार्क मार्ग पर पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का अहसास कराया गया।