कानपुर के उर्सला अस्पताल में अमरनाथ यात्रा के लिए अनिवार्य मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने को लेकर गुरुवार को भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालात ऐसे रहे कि अस्पताल परिसर में अव्यवस्था साफ नजर आई और भीड़ के चलते धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मेडिकल कराने के लिए अस्पताल पहुंचने लगे थे। जैसे-जैसे समय बीतता गया, भीड़ बढ़ती गई और लाइनें लंबी होती चली गईं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम न होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग घंटों लाइन में खड़े रहे, वहीं कुछ लोगों को धक्का-मुक्की के बीच अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।