नागालैंड में तैनात सेवा के जवान की पत्नी व बच्चे माती किशनपुर स्थित घर में बिजली कनेक्शन लेने के लिए परेशान हो रहे हैं। बिजली निगम के अधिकारी नियमों का पेच बता रहे हैं तो अब सेना जवान की बेटी ने वीडियो जारी कर डीएम से बिजली कनेक्शन कराने की गुहार लगाई है। इस वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती है। अकबरपुर के माती- किशुनपुर (कृष्णानगर) निवासी असलम खान सेना में जवान हैं और मौजूदा समय में नागालैंड में तैनात हैं। परिवार में पत्नी, कक्षा छह में पढ़ रही बेटी आयत व छोटा बेटा अहान है। अप्रैल में एक किलोवाट के लिए किए गए आवेदन के बाद भी घर में बिजली कनेक्शन नहीं दिया जा रहा है। जैनपुर उपकेंद्र के जेई ने अविद्युतीकृत क्षेत्र में घर बता 82,593 रुपये का एस्टीमेट थमा दिया। इसके बाद सेना के जवान की पत्नी आसमा ने जिलाधिकारी कार्यालय में जनसुनवाई में शिकायत की। इसके बाद भी कनेक्शन नहीं मिला। भीषण गर्मी में सेना के जवान का परिवार परेशान है। केंद्रीय स्कूल में पढ़ रही बेटी आयत ने परिजन की परेशानी देखी तो उसने वीडियो बनाकर डीएम से बिजली कनेक्शन दिलाने की गुहार लगाई है। उसका कहना है कि घर से पचास मीटर दूरी पर अन्य घरों में बिजली कनेक्शन है। बिजली निगम के अधिकारी अविद्युतीकृत क्षेत्र में घर बता रहे हैं, जबकि घर के सामने ही बिजली का पोल लगा है। एसडीओ अंशुमान पांडेय ने बताया कि सेना के जवान की पत्नी के प्रार्थना पत्र पर जेई से स्थलीय जांच कराई गई। सेना के जवान का घर अविद्युतीकृत क्षेत्र में स्थित है। ऐसे क्षेत्र में घर में बिजली कनेक्शन के लिए 71.5 रुपये प्रति वर्ग फीट की दर तय है। आवेदन का घर के एरिया के अनुसार 82,593 रुपये जमा करने पर बिजली कनेक्शन दिया जा सकता है।