गंगाघाट कोतवाली पुलिस ने नगर पालिका के सामने से दो दिन पहले युवती की मोबाइल फोन छीनने के मामले में रविवार को दो युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि 11 जुलाई को ब्रह्म नगर निवासी अंशिका कश्यप ने तहरीर देकर ब्रह्म नगर निवासी सत्यम विश्वकर्मा व अहमद नगर निवासी समर उर्फ सैय्यद के खिलाफ मोबाइल फोन छीनने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोनों को अहमद नगर पानी की टंकी के पास से गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।