पोनी रोड तिराहे पर नो पार्किंग जोन होने के बावजूद ई-रिक्शा व ऑटो बेतरतीब खड़े रहते हैं। इसकी वजह से दिन में कई बार जाम लगना रोजाना की बात हो गई। उन्नाव की ओर से आने वाले वाहन फंसने से सुबह-शाम लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। लोगों का आरोप है कि पिकेट पर तैनात पुलिस भी इस ओर ध्यान नहीं देती है। पोनी रोड तिराहे से नवीन गंगा पुल मोड़ के बीच करीब 50 से ज्यादा ई-रिक्शा व ऑटो दिन भर खड़े रहते हैं।ई-रिक्शों के चालक सवारी बैठाने के चक्कर में आड़ा-तिरछा कर खड़ा कर देते हैं। ऐसे में जाम लग जाता है और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ती है। तिराहे पर पुलिस पिकेट प्वाइंट है और सामने ही कोतवाली है। इसके बावजूद ई-रिक्शा व ऑटो चालकों की मनमानी जारी है। कोई इसका विरोध करता है तो चालक झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। मालूम हो कि नगर में करीब 12 सौ ई-रिक्शा हैं, जिनमें से नगर पालिका में करीब 250 ई-रिक्शा ही पंजीकृत है। वहीं, नगर पालिका ईओ मुकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि ई-रिक्शा वालों के लिए फिर से अभियान चलाकर उनका पंजीकरण किया जाएगा। उन्हें पोनी तिराहे के नो पार्किंग जोन से पुलिस की मदद से हटाया जाएगा।