कानपुर में गंगा मेला में शामिल होने के बाद तीन दोस्त भोगनीपुर थाना के मावर गांव के समीप स्थित सेंगुर नदी किनारे पिकनिक मनाने पहुंचे। देर शाम नहाने के दौरान दो दोस्त नदी में डूब गए। साथी की सूचना पर पहुंची पुलिस देर रात तक खोजबीन करती रही। वहीं मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों का हाल बेहाल रहा। कानपुर के बर्रा-आठ निवासी इंद्रजीत सचान (30) मूल रूप से भोगनीपुर थाना के माचा गांव निवासी है। इंद्रजीत ने बताया कि मंगलवार को गंगा मेला के बाद साथी कानपुर बर्रा-छह निवासी अभिषेक शर्मा (24) और रवि गुप्ता (25) के साथ बाइक से शाम पांच बजे के करीब मावर स्थित सेंगुर नदी किनारे आए थे। यहां पर तीनों काफी देर बैठे बातें करते रहे। इसके बाद रेलवे लाइन किनारे खुदे पड़े नाले के पास बाइक खड़ी कर पुल के नीचे नदी में नहाने के लिए चले गए। इंद्रजीत ने बताया कि पहले वह नहा कर बाहर आ गया। जबकि अभिषेक और रवि गुप्ता नहाने रहे। इसी बीच दोनों नदी के गहरे बहाव में चले गए, डूबने पर शोर मचाया। उसने अकेले उन्हें बचाने की कोशिश की, और शोर भी मचाया। आस-पास किसी के न होने पर वह उन्हें बाहर नहीं निकाल सका। इसके बाद उसने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। जानकारी पर भोगनीपुर थानाध्यक्ष सतीश सिंह, दमकल कर्मी औ0र चौकी इंचार्ज अतेंद्र सिंह के साथ पहुंचे। पुलिस ने रात आठ बजे तक नदी में डूबे दोनों युवकों की स्थानीय गोताखाेरों से तलाश कराती रही। नदी में उतरे गोताखोर अंधेरा हाेने के कारण युवकों को नहीं ढूंढ सके। इस पर कुछ दूर नदी में आगे की ओर जाल लगाया गया। इधर हादसे की जानकारी पर परिवार के लोग भी पहुंचे। मौके पर पहुंचे विनोद ने बताया कि बेटा रवि और अभिषेक कानपुर में एक बैटरी की दुकान में काम करते है। थानाध्यक्ष सतीश कुमार ने बताया कि एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया है। तीनों युवक कानपुर से आए थे। जिनमें दो नदी में डूब गए। साथी इंद्रजीत के बताने के अनुसार डूबे युवकों की तलाश की जा रही है।