महाराजपुर रूमा स्थित एक्सिस कॉलेज में तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में खेल जीवन जीने का तरीका सिखाते हैं। खेल के माध्यम से सहयोग, प्यार और संघर्ष की भावना विकसित होती है। प्रतियोगिताएं हमारी परंपराओं को अक्षुण बनाए रखने का माध्यम हैं। महाना ने बच्चों को संदेश देते हुए कहा कि खेल के मैदान में जो बौद्धिक और सामाजिक सीख मिलती है वही जीवन को आगे बढ़ाती है जो बच्चे जीतने के लिए खेलते हैं वे हमेशा आगे रहते हैं। जबकि जो हराने के लिए खेलते हैं वे पीछे रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए और जीतने के लिए खेलना चाहिए क्योंकि इससे आत्मविश्वास और जज्बा पैदा होता है।