कानपुर जिले में मूलगंज थाना क्षेत्र के हटिया बाजार में देर से दुकान आने पर एक दुकान के कर्मचारी ने सहकर्मी दूसरे कर्मचारी को थप्पड़ जड़े और दुकान से भगा दिया। बाजार में खुद की बेइज्जती का बदला लेने के लिए कर्मचारी ने बड़े भाई व दो साथियों के साथ शनिवार को दिन-दहाड़े दुकान में घुसकर कर्मचारी के सीने में चाकू घोंपकर हत्या कर दी। दिन-दहाड़े हुई इस वारदात से बाजार में सनसनी फैल गई। कर्मचारी की मौत से गुस्साए व्यापारी देर शाम मूलगंज थाने पहुंचे और पुलिस हिरासत में हत्यारोपी की पिटाई कर दी। थाने के बाहर हंगामा भी किया। सूचना पाकर थाने डीसीपी पूर्वी तेज प्रताप सिंह और एसीपी कोतवाली ने व्यापारियों को समझा कर शांत कराया।