साढ़ थाना क्षेत्र के बिरहर इलाके में शनिवार सुबह जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में बाइक काटे जाने का मामला सामने आया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही दो अज्ञात युवक फरार हो गए। घटनास्थल से एक कटी हुई बाइक बरामद की गई है। ग्रामीणों के अनुसार बिरहर के जंगल में दो युवक संदिग्ध गतिविधियां करते दिखाई दिए। करीब जाकर देखने पर पता चला कि वे एक बाइक को काट रहे हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही साढ़ थाना पुलिस मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों युवक जंगल के रास्ते भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस और ग्रामीणों को घटनास्थल से एक कटी हुई बाइक मिली है। आशंका जताई जा रही है कि बाइक चोरी की हो सकती है और उसके पुर्जे अलग कर बेचने की तैयारी की जा रही थी।