भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय मंत्री व आंध्र प्रदेश के सह प्रभारी सुनील देवधर ने कहा कि युवाओं की तरक्की का एक मात्र सूत्र है स्वदेशी। यह रोजगार का स्थापित माध्यम है। आत्मनिर्भरता यदि गांव तक पहुंचेगी तो सब कुछ समृद्ध हो जाएगा। वह बुधवार को भाजपा क्षेत्रीय मुख्यालय केशवनगर में विचारक पं दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित संगोष्ठी के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ओडीओपी और वोकल फॉर लोकल अभियान से लाखों शिल्पकारों को रोजगार मिला है। इनको और समृद्ध करने के लिए त्योहारों पर हर नागरिक स्वदेशी उत्पादों का ही उपहार दें। हिंदू चिंतन ही एकात्म मानव दर्शन है विषय पर आयोजित गोष्ठी में देवधर ने कहा कि पूर्व काल में मुगल भारत को लूटने नहीं इस्लाम को फैलाने आए थे। आजादी से पूर्व ब्रिटिश सरकार देश को लूटने नहीं ईसाई समाज को बढ़ावा देने आए थे।