राजधानी मार्ग पोनी तिराहा स्थित कोतवाली गंगाघाट परिसर में मंगलवार को विवेचना कक्ष का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इसके साथ ही मरहला चौराहा स्थित पुलिस विभाग की जमीन पर चार मंजिला पुलिस हॉस्टल के निर्माण के लिए भी नपाई और चूना डालने का कार्य किया गया। दोनों निर्माण कार्य 2 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से कराए जाएंगे। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने विवेचना कक्ष के लिए भूमि पूजन किया। राजकीय निर्माण निगम ने निर्माण कार्य शुरू कराया है। पुलिस हॉस्टल का लोकार्पण बीते दिनों मुख्यमंत्री ने किया था लेकिन विभागीय कारणों से कार्य शुरू नहीं हो पाया था। मंगलवार से कार्य शुरू हो गया है। कोतवाली परिसर में एक मंजिला विवेचना कक्ष बनाया जाएगा, जिसमें चार कमरे और दो शौचालय होंगे। मरहला चौराहा पर चार मंजिला पुलिस हॉस्टल का निर्माण होगा। निगम के कार्यदायी एजेंसी के ठेकेदार राजेश कुमार ने यह जानकारी दी।