पहलगाम हमले में मृतक शुभम द्विवेदी के नाम पर श्यामनगर में पार्क व सड़क का नामकरण किया जाएगा। वहीं, हाथीपुर गांव नगर निगम सीमा से दो किलोमीटर दूर होगा तो वहां चौक बनवाएगा। यह फैसला सोमवार को नगर निगम कार्यकारिणी समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में जन्म-मृत्यु के आवेदनों का डेटा ऑनलाइन करने, समय से विकास कार्य कराने से लेकर अफसरों की जवाबदेही तय की गई। बैठक में नामकरण के सभी प्रस्तावों को सशर्त स्वीकृति समेत 14 प्रस्ताव पास हुए। अध्यक्षता कर रहीं महापौर प्रमिला पांडेय ने पिछली बैठक में लिए गए फैसलों के निस्तारण के संबंध में पूछा तो अधिकारी बगलें झांकने लगे। महापौर ने कहा कि रिपोर्ट ही नहीं लाए तो अधिकारी जवाब क्या देंगे। इस पर अधिकारियों ने तत्काल रिपोर्ट मंगाई। महापौर ने बताया कि शहर के 1200 पार्कों में करीब 100 पार्क विभिन्न संस्थाओं ने गोद लिए हैं, लेकिन कई पार्कों में गेस्ट हाउस, बारातशालाओं, स्कूल के पार्क के रूप में दुरुपयोग किया जा रहा है। इसलिए गोद दिए गए सभी पार्कों का अनुबंध खत्म करने का फैसला लिया गया। साथ ही बारातशालाओं समेत अन्य कब्जों पर कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।