सेंट्रल स्टेशन की नई बिल्डिंग में बाधक बनीं प्लेटफार्म नंबर नाै की स्वचालित व फुट ओवरब्रिज की सीढ़ियां हटेंगी। गुरुवार को प्रयागराज के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने इसकी मंजूरी दे दी। वह टीम के साथ निरीक्षण करने पहुंचे थे। डीआरएम दोपहर करीब एक बजे महानंदा एक्सप्रेस से सेंट्रल पहुंचे। इसके बाद वह प्लेटफार्म नंबर आठ और नाै पर गए। इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों से उन्होंने स्वचालित सीढ़ियों व फुट ओवरब्रिज की संरचना को समझा और इन्हें हटाने के लिए हरी झंडी दी। इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों ने जहां से सीढ़ियां हटाई जानी हैं, वहां निशान लगवाए। इसके बाद डीआरएम ने अधिकारियों के साथ बैठक की।