गंगा नदी की धारा लगातार शुक्लागंज छोर बढ़ती जा रही है। ऐसे में मिश्रा काॅलोनी से लेकर सीताराम काॅलोनी की ओर तक तेजी से कटान हो रही है। स्थानीय लोग और बुजुर्ग पंडों ने बताया कि ऐसी कटान 50 साल बाद देखने को मिली है। यहीं के एक मकान में चार परिवार रहते है जहां कटान उनके घर तक है जिससे यहां रहने वाले लोग दहशत में है। बता दें कि कटान रोकने के लिए डीएम गौरांग राठी ने सिंचाई विभाग को निर्देशित किया लेकिन विभाग की ओर से खानापूर्ति की गई। कटान थमने का नाम नहीं ले रही है। लगातार कटान बढ़ने से स्थितियां गंभीर होती जा रही है। मिश्रा काॅलोनी अंतिम छोर पर बने शिवबाबा घाट के पास का मकान अब कटान की जद में है। परिवार के सदस्य 65 वर्षीय रामआसरे और 60 वर्षीय राजकुमार ने बताया कि पुरखों के समय से उनका परिवार यहां रह रहा है लेकिन ऐसी कटान दूसरी बार देखने को मिली है। बता दें कि कटान की जद में नगर पालिका का शौचालय, पर्यटन विभाग की लाल पत्थर की सीढि़यां व आस-पास के कई घर आ चुके हैं। एसडीएम सदर क्षितिज द्विवेदी ने बताया कि सिंचाई विभाग को कटान रोकने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए जा चुके है।