श्री भगवती यज्ञ सेवा समिति के तत्वावधान में पोनी रोड श्रीनगर स्थित श्री रामचबूतरा स्थल पर हो रही श्रीमद्भागवत कथा में भक्तों की भीड़ उमड़ रही। शनिवार को वृंदावन धाम से आए कथा व्यास पं. आकाश महाराज ने श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता की कथा सुनाई। उन्होंने कहा कि संकट में जो मदद करे, वही सच्चा मित्र होता है। सुदामा चरित्र के वर्णन के साथ ही श्रीकृष्ण की लीलाओं का बखान किया। कथा व्यास ने कहा कि सुदामा भले ही निर्धन थे। इसके बावजूद वह अपने मित्र से मिलने गए और पोटली में उनकी मन पसंद चीजें भी ले गए, जिसे पाकर श्रीकृष्ण प्रसन्न हुए और उन्होंने सुदामा को सच्चा मित्र माना। कथा व्यास ने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि अच्छे समय में सब आप के आसपास और साथ होते है, लेकिन जैसे ही संकट का वक्त आता है सभी दूर चले जाते है। संकट के वक्त में यदि कोई मदद को आता है तो वह ईश्वर के समान होता है। कथा के दौरान समाजसेवी डॉ. एसजी शुक्ला ने कथा व्यास को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान राजेश बाजपेई, कीर्ति बाजपेई, अनूप शुक्ला, अशोक दुबे व सुरेश चंद्र शुक्ला आदि मौजूद रहे।