नवीन गंगा पुल पर पर शनिवार को सुबह यातायात का दबाव बढ़ने पर डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा। पोनी रोड तिराहे तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। जाम में कानपुर जा रही एक एंबुलेंस भी फंस गई, जिसे पुलिस ने किसी तरह निकलवाकर रवाना किया। वहीं, सुबह के समय जाम लगने से नौकरी पेशा लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। नवीन गंगा पुल मोड़ पर रास्ता संकरा होने व वाहनों को आड़ा-तिरछाकर निकालने से सुबह करीब 10 बजे जाम लग गया। देखते ही देखते पुल के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। वाहनों की कतार राजधानी मार्ग पर पोनी रोड तिराहे तक पहुंच गई। जाम में फंसे राहगीरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। नौकरी पेशा लोग ज्यादा परेशान हुए। इसी बीच कानपुर जा रही एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह एंबुलेंस को निकलवाकर रवाना किया। पुलिस की काफी मशक्कत के बाद 10 बजे लगा जाम 11:30 बजे खत्म हो सका। उधर, पोनी रोड तिराहे पर बेतरतीब खड़े ई-रिक्शों की वजह से जाम लगा रहा। वहीं, नवीन गंगा पुल पर जाम में फंसे लोगों का कहना था कि यहां जाम लगना रोजाना की बात हो गई है। शायद ही कोई दिन ऐसा हो, जब जाम नहीं लगा है। हाल यह है कि इधर से निकलने के लिए कई बार सोचना पड़ता है। दूसरा विकल्प न होने से मजबूरी में नवीन गंगा पुल से आवागमन करना पड़ता है। इसके बाद भी प्रशासन जाम से निजात दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।