नगर विकास विभाग के बजट कटौती प्रस्ताव के दौरान मंगलवार को विधानसभा सदन में सीसामऊ नाले का मुद्दा उठाया गया। आर्यनगर विधायक अमिताभ वाजपेयी ने कहा कि सीसामऊ नाले के कार्य में लीपापोती की गई है, नाला बंद है और इसका पानी सिविल लाइंस में भर जाता है। किसी भी योजना में जनप्रतिनिधियों की राय अफसर नहीं लेते। योजनाएं अच्छी हैं लेकिन इनका क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने नगर निगम के नामांतरण शुल्क को अवैध बताते हुए इसे बंद करने की मांग की। विधायक ने बताया कि फूलबाग में बने पैदल पुल से कोई नहीं गुजरता। इसी तरह चिल्ड्रेन पार्क में कोई बच्चा नहीं जाता। इन पर करोड़ों रुपये खर्च कर दिए गए। स्मार्ट सिटी योजना में जन उपयोगी कार्य नहीं हो रहे, अफसर मनमानी कर रहे हैं। योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है। विधायक ने ठेला, पटरी, रेहड़ी दुकानदारों की अनदेखी समेत कई मुद्दे सदन में उठाए।