यूपीएमआरसी कॉरीडोर-2 के तहत सीएसए से विजयनगर होते हुए बर्रा-8 तक मेट्रो ट्रैक बिछवा रहा है। शनिवार रात फजलगंज फायर स्टेशन के पास एलिवेटेड मेट्रो ट्रैक के लिए खोदाई के दौरान वहां बिछी जलापूर्ति की मुख्य पाइपलाइन टूट गई। इससे रविवार की सुबह एक करोड़ लीटर से ज्यादा पानी सड़क पर बहने के साथ ही फायर स्टेशन में भर गया। सुबह 7:00 बजे जल निगम ने गंगा बैराज जल शोधन संयंत्र से जैसे ही पानी की आपूर्ति शुरू की, तभी फजलगंज फायर स्टेशन से दादानगर की तरफ सड़क के बीच तोड़े गए डिवाइडर और फायर स्टेशन के पास चैंबर से तेज रफ्तार से पानी बहने लगा। इससे बैंक आफ बड़ौदा रोड नहर जैसी नजर आने लगी। यातायात भी प्रभावित हो गया। होमगार्ड कृष्ण चंद्र और विजय कुमार ने मेट्रो कर्मियों को सूचना दी। करीब 11 बजे जल निगम ने पानी की आपूर्ति बंद की, फिर भी दोपहर 1:30 बजे तक पानी बहता रहा।