मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सीसामऊ में आयोजित जनसभा में विपक्षियों की खिंचाई करने के साथ ही कानपुर के विकास का खाका भी खींचा। उन्होंने कहा कि जनवरी से कानपुर मेट्रो का दूसरा चरण शुरू हो रहा है, जिससे 50 हजार यात्री रोजाना आवागमन करेंगे। योगी ने कहा कि अभी तक मेट्रो से सिर्फ 15 हजार लोग एक दिन में यात्रा करते हैँ, अब इसे बढ़ाकर सेंट्रल स्टेशन फिर उसके आगे नौबस्ता तक संचालन होगा। मेट्रो के आगे के चरण का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यहां का सीसामऊ नाला वर्षों तक मां गंगा के जल को गंदा करता रहा, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर शुरू की गई नमामि गंगे योजना के तहत बंद कराया गया। यहां पर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कर गंगा के जल को अविरल और स्वच्छ बनाने की योजना पर काम किया गया। यहां पर स्थापित हो रहे डिफेंस कॉरिडोर में गोला बारूद बनेगा।