महाराजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के दो अलग-अलग मामलों में पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहला मामला महुआगांव निवासी रचना का है, जिसकी शादी चार साल पूर्व लवकुश सिंह से हुई थी। रचना ने आरोप लगाया कि पति, सास, ससुर और ननदों ने अतिरिक्त पांच लाख रुपये व कार की मांग को लेकर लाठी-डंडों से मारपीट की। दूसरा मामला खरौटी गांव निवासी किरन का है, जिसकी शादी 2022 में रमाकांत दुबे से हुई थी। किरन ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने दो लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज मांग को लेकर बेरहमी से पीटा और गला दबाकर हत्या की कोशिश की। शिकायत पर पुलिस ने जेठ, जेठानी, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में पीड़िताओं की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर आगे कदम उठाए जाएंगे।