नवाबगंज थाना क्षेत्र में गंगा बैराज पर उन्नाव से सवारियां लेकर आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली अटल घाट के पास पलट गई। हादसे के दौरान ट्रॉली के नीचे दबने से लोगों की चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस में घायलों को ट्रॉली से निकालकर हैलट पहुंचाया। वहां तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। नवाबगंज इंस्पेक्टर केशव कुमार तिवारी ने बताया कि उन्नाव के कोतवाली गंगाघाट के शंकरपुर सराय गांव के रहने वाले अरविंद (20), गोविंद (29), अनुज (19), सौरभ (14), सनी (18), रोहित (16) और दुलियाखेड़ा निवासी सचिन (25) सोमवार सुबह अटल घाट में स्नान कर शहर घूमने के लिए सुबह ट्रैक्टर ट्रॉली से निकले थे। वह लोग नवाबगंज चौकी के पास जैसे ही पहुंचे तो अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। हादसे में चालक समेत सातों लोग दब गए। कोहरे के बीच चीख-पुकार सुनकर राहगीरों ने एक-एक करके सभी को निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया जहां तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।