रायपुरवा थानाक्षेत्र के बसंतलाल का हाता में मंगलवार देर रात वर्चस्व की जंग में एक पक्ष ने फायरिंग और पथराव कर दिया। इससे इलाके में अफरातफरी मच गई। पथराव से एक महिला का सिर फट गया। महिला के पति ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बसंतलाल का हाता निवासी नरेश कुमार की ओर से दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार देर रात इलाके में रहने वाले आयुष वाल्मिकी और उसके साथियों ने वर्चस्व को लेकर कई राउंड फायरिंग कर दी। इसका उन्होंने व अन्य लोगों ने विरोध किया तो आरोपियों ने ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। इनमें से एक पत्थर उनकी पत्नी प्रीती के सिर से जा टकराया। इससे वह लहूलुहान हो गईं। इसके बाद भीड़ जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। कंट्रोल रूम में गोलीकांड की सूचना पर हड़कंप मच गया। सूचना पर कई थानों की पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची और छानबीन शुरू की। अनवरगंज एसीपी अभिषेक राहुल ने बताया कि चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।