मई की भीषण गर्मी में बिजली खपत का पांच साल का रिकॉर्ड टूट गया है। सोमवार को 792 मेगावाट बिजली की खपत दर्ज की गई। लोड बढ़ने से ट्रांसफॉर्मर हांफने लगे और एबीसी केबल फुंक रहे हैं। इससे घंटों बिजली गुल हो जा रही, चिलचिलाती गर्मी में परेशान लोग उपकेंद्रों का घेराव कर प्रदर्शन कर रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत दक्षिणी इलाके में है। सोमवार को 44 डिग्री पार कर गया। भीषण गर्मी में बिजली कटौती से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। केस्को के मुताबिक मई 2022 में 723, 2023 में 708, 2024 में 710, 2025 में 774 मेगावाट तक बिजली की अधिकतम खपत पहुंची थी। चार दिन से बिजली कटौती का दंश झेल रहे बर्रा, दरोगा गेस्ट हाउस चौराहा स्थित विद्युत कॉलोनी उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं का गुस्सा मंगलवार सुबह फूट पड़ा। लोगों ने केस्को सब स्टेशन पहुंचकर जमकर हंगामा किया। भीड़ देख कर्मचारी भाग खड़े हुए तो लोगों ने सब स्टेशन पर कब्जा कर नारेबाजी की और ताला लटका दिया।