महाराजपुर स्थित ऑक्सफोर्ड मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने सीबीएसई बारहवीं परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र में अपनी पहचान मजबूत की है। विद्यालय के प्रबंधक आलोक शर्मा ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय का परिणाम शत प्रतिशत रहा है जिससे बच्चों और अभिभावकों का उत्साह दोगुना हो गया है। वंशिका गुप्ता ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है। वंशिका ने बताया कि उनके पिता कपड़े की दुकान चलाते हैं और माता गृहणी हैं, आगे चलकर वह देश की सेवा करना चाहती हैं। इसी तरह ऋषिका और शिवांशी पासवान ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, दिग्विजय सिंह ने 89 प्रतिशत, शशि सिंह ने 87 प्रतिशत, सौम्या चौरसिया और कशिश सिंह ने 86 प्रतिशत अंक हासिल किए। कशिश विश्वकर्मा सहित एक दर्जन से अधिक विद्यार्थियों ने क्षेत्र में टॉप कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय प्रबंधक आलोक शर्मा ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे इसी तरह अपने माता पिता और क्षेत्र का नाम रोशन करते रहें।