चमनगंज थानाक्षेत्र के फहीमाबाद निवासी यासीन की जाजमऊ के संजयनगर में न्यू ग्लोब नाम से टेनरी है। टेनरी के स्प्रे डिपोर्टमेंट में ज्वलनशील रसायन और चमड़ा रखा हुआ था। गुरुवार दोपहर स्प्रे डिपार्टमेंट में आग लग गई। आग ने थोड़ी देर में ही विकराल रूप धारण कर लिया। टेनरी में काम कर रहे दो दर्जन से अधिक मजदूरों ने बाहर निकलकर जान बचाई। सूचना पाकर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। आग से उठ रहे धुएं से आसपास के लोग भी परेशान रहे। जाजमऊ अग्निशमन अधिकारी राहुल नंदन ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है। आग से लाखों का नुकसान बताया जा रहा है। फिलहाल किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है।