कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के सरसौल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में मंगलवार को एक व्यक्ति का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान धर्मपाल उर्फ छैया (36) निवासी जहांगीरपुर, कानपुर देहात के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सीएचसी के पीछे बने कमरे में रह रहा था। जानकारी के अनुसार, मृतक की पत्नी विनीता अस्पताल परिसर में प्राइवेट सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। मंगलवार शाम करीब पांच बजे वह बाजार गई हुई थी, जबकि बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान धर्मपाल ने कमरे के अंदर कुंडे के सहारे चादर से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।