चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि (सीएसए) में 26 से 28 दिसंबर तक तीन दिवसीय श्रीराम कथा ‘अपने-अपने राम’ का आयोजन होगा। कथा का वाचन प्रसिद्ध कवि एवं लेखक डॉ. कुमार विश्वास करेंगे। श्री महाराजा अग्रसेन जयंती समिति की ओर से हो रहे आयोजन में प्रतिदिन 20 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने पर रामकथा के पास मुफ्त मिलेंगे। कथा दोपहर चार से रात आठ बजे तक होगी। प्रवेश तीन बजे से दिया जाएगा। रविवार को सीएसए में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल और महामंत्री मनीष दर्पण ने बताया कि अब तक 5115 लोग रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। ठंड को देखते हुए पूरा पंडाल कवर रहेगा। अहमदाबाद के कारीगर 75 हजार स्क्वायर फीट का भव्य पंडाल तैयार कर रहे हैं, जिसका मंच दक्षिण भारत के राम मंदिरों के शिखर की तर्ज पर बनाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंडाल के पास ही वाहन पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। सुरक्षा और आयोजन की निगरानी के लिए 50 सीसीटीवी कैमरे और 12 एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। कथा के लिए रजिस्ट्रेशन क्यूआर कोड, समिति की वेबसाइट और फेसबुक पेज के माध्यम से कराया जा सकता है। वहीं आयोजन में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी तथा हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री गोपाल कांडा ने शामिल होने की सहमति दी है। पंडाल में प्रवेश निशुल्क रहेगा। पत्रकार वार्ता में संयोजक अभिषेक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, गोपाल गुड़ियावाला, सुनील अग्रवाल और ज्ञानेंद्र विश्नोई भी मौजूद रहे।