फर्रुखाबाद से कानपुर की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन में सोमवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब शिवराजपुर क्षेत्र के पकरा गांव क्रॉसिंग के पास आग लगने की अफवाह फैल गई। सूचना मिलते ही यात्रियों में दहशत फैल गई और कई यात्री जान बचाने के प्रयास में चलती ट्रेन से कूद पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन के एक डिब्बे में आग लगने की आशंका जताई गई, जिसके बाद पूरे कोच में हड़कंप मच गया। घबराए यात्रियों ने बिना पुष्टि किए ट्रेन से उतरने का प्रयास शुरू कर दिया। कई यात्रियों ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी, जिससे मौके पर अफरातफरी फैल गई। स्थिति को देखते हुए पैसेंजर ट्रेन पकरा गांव क्रॉसिंग के सामने करीब 15 मिनट तक खड़ी रही। रेलवे कर्मियों और स्थानीय लोगों ने स्थिति को नियंत्रित किया। जांच में आग लगने की कोई पुष्टि नहीं हुई और मामला केवल अफवाह निकला।