महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी को पीड़ित पिता बारात में गए थे और उनकी पत्नी भी गांव में एक अन्य घर में बारात में शामिल थी। घर पर उनकी नाबालिग बेटी अकेली थी। आरोप है कि गांव का ही युवक विशाल रैदास पुत्र शंकर लाल (28) घर में घुस आया और किशोरी को अकेला पाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। गुरुवार को पीड़ित पिता महाराजपुर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत देकर न्याय की मांग की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। आरोपी चोरी के अन्य मामले में महाराजपुर से ही जेल भी भेजा जा चुका है। महाराजपुर इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है आरोपी की तलाश की लिए टीमें लगी है।