मूसानगर कस्बा में मुगल रोड पर गुरुवार देर शाम साढ़े छह बजे के करीब पेट्रोल पंप से लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को तेज रफ्तर ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दो की मौके पर मौत हो गई, तीसरे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मूसानगर के फत्तेपुर निवासी शनि (25), कमल (20) व घाटमपुर के घुघुआ निवासी राकेश (35) तीनों शाम छह बजे के करीब घर से मुगल रोड किनारे पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाने गए थे। वहां से मूसानगर की तरफ लौटने के दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सड़क किनारे जा गिरे। सिर व शरीर में गंभीर चोट आने पर शनि व राकेश की मौके पर मौत हो गई। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल कमल को इलाज के लिए पुखरायां सीएचसी भेजा। हादसे नाराज लोगों ने मुगल रोड पर जाम लगा दिया। थानाध्यक्ष कालीचरन कुशवाहा लोगों को समझा रहे हैं।