कानपुर के नरवल तहसील क्षेत्र के सरसौल कस्बे में सोमवार को एक प्रेमी युगल ने मंदिर में विवाह रचा लिया। दोनों ने परिजनों की मौजूदगी में एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर सात फेरे लिए। विवाह के बाद यह प्रेम विवाह इलाके में चर्चा का विषय बन गया। महाराजपुर थाना क्षेत्र के भेवली गांव निवासी 22 वर्षीय सर्वेश का पड़ोसी गांव खजुरिया की युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों एक ही जाति से होने के कारण बाद में परिवारों ने भी इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया। सोमवार को सरसौल स्थित श्री चतुर्भुज मंदिर परिसर में सादगीपूर्ण माहौल में दोनों का विवाह संपन्न हुआ। इस दौरान दोनों पक्षों के परिजन मौजूद रहे और नवदंपति को आशीर्वाद दिया। विवाह की खबर फैलते ही क्षेत्र में इसकी चर्चा शुरू हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार की सहमति से हुआ यह विवाह समाज में सकारात्मक संदेश देता है। उनका मानना है कि आपसी समझ और सम्मान के साथ रिश्तों को आगे बढ़ाने से परिवार और समाज दोनों मजबूत होते हैं।