फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कानपुर: कब्जे हटाने पर तीन घंटे चला बवाल, नायब तहसीलदार का हाथ पकड़ घसीटा

नरवल तहसील के दीपापुर गांव में शनिवार को ग्राम समाज की जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व और पुलिस टीम को ग्रामीणों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। जेसीबी से निर्माण गिराने के दौरान महिलाओं और युवतियों ने ईंटें हाथ में लेकर टीम के आगे मोर्चा खोल दिया और जमकर नारेबाजी के साथ गाली-गलौज की तथा भीड़ से निकले एक युवक ने नायब तहसीलदार का हाथ पकड़ घसीट लिया और भद्दी भद्दी गालियां दी। ग्रामीणों और प्रशासनिक टीम के बीच करीब तीन घंटे तक नोकझोंक चलती रही। स्थिति तनावपूर्ण होते देख तहसीलदार शालिनी सिंह और नरवल थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया और इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी कराई गई। ग्राम प्रधानपति हीरालाल ने आरोप लगाया कि गांव में करीब तीन फीट रास्ते को लेकर पहले से विवाद था। उनका कहना है कि राजस्व टीम ने बिना किसी पूर्व सूचना के नए बन रहे निर्माणों को जेसीबी से गिरा दिया। उन्होंने बताया कि रामनारायण पाल, संदीप पाल समेत तीन लोगों ने बाउंड्री बनवाई थी, जिसे तोड़ दिया गया। प्रधानपति के अनुसार पूरे मोहल्ले की जमीन को ग्राम समाज की बताया जा रहा है।  ग्रामीणों का यह भी कहना है कि करीब 200 मीटर ग्राम समाज की जमीन से कब्जा तत्कालीन एसडीएम नरवल विवेक कुमार मिश्रा के निर्देश पर पहले भी चकबंदी अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में हटवाया जा चुका है। स्थानीय निवासियों ने गांव के ही मेवालाल पर ग्राम समाज की जमीन करीब चार लाख रूपये में बेचने का आरोप भी लगाया। क्षेत्रीय लेखपाल सतेंद्र प्रताप सिंह द्वारा नरवल थाने में तहरीर दी गई है जिसके बाद करीब 13 लोगों पर कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में एसडीएम नरवल सत्यपाल प्रजापति ने बताया कि दीपापुर में ग्रामसभा की भूमि पर अवैध अतिक्रमण को लेकर कई बार रोका गया था, इसके बावजूद चोरी-छिपे निर्माण कराया जा रहा था। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में कार्रवाई की जा रही थी तभी कुछ महिलाओं और ग्रामीणों ने सरकारी काम में बाधा डाली। तहसीलदार शालिनी सिंह और थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। एसडीएम ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के साथ ही सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की जा रही है। इस दौरान यह अतिक्रमण भारी पुलिस बल के साथ विरोध के बीच हटवाया गया मौके पर तहसीलदार शालिनी सिंह, नायब तहसीलदार अजय प्रकाश सिंह, कानूनगो राकेश तिवारी, सहायक चकबंदी अधिकारी किशन मुरारी श्रीवास्तव व चकबंदी लेखपाल आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें