नेतुआ स्थित नगर पालिका की कान्हा गोशाला का बुरा हाल है। यहां गोवंश की देखरेख में लापरवाही बरती जा रही है। नतीजतन बीमारी से तीन गोवंश की मौत हो गईं। भीषण गर्मी के बीच गोशाला प्रांगण में छांव की व्यवस्था नहीं है। परिसर में गंदगी का अंबार लगा है। ऐसे में गोवंश बीमार भी पड़ रहे है। गोशालाकर्मियों का कहना कि कि क्षमता से अधिक गोवंश होने के कारण दिक्कतें अधिक हो रही हैं। कान्हा गोशाला में वर्तमान में कुल 304 गोवंश है, जबकि क्षमता 200 गोवंश रखने की है। इसके बावजूद गोशाला में क्षमता से अधिक गोवंश रखे जा रहे हैं। ऐसे में गोवंशों के लिए उचित व्यवस्थाएं नहीं हो पा रही हैं। कभी एक समय हरा चारा दिया जा रहा है तो कभी सूखे चारे पर गोवंशों को निभर रहना पड़ता है। परिसर में सफाई की व्यवस्था नाकाफी है। ऐसे में दो बड़े और एक छोटे गोवंश की मौत हो गई है। कर्मचारियों ने बताया कि अचानक तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई।