एडवांस्ड वेपंस इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड (एडब्ल्यूईआईएल) के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक राजेश चौधरी ने अर्मापुर इस्टेट आईबी में आयोजित पत्रकारवार्ता में बताया कि सेना में शामिल सारंग तोप को और अधिक मारक बनाया जाएगा। 38 किलोमीटर तक मार करने वाली तोप की मारक क्षमता 60 किलोमीटर की जाएगी। आठ टन भार वाली तोप का वजन भी कम किया जाएगा। गोले दागने की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी। दावा किया गया है कि पहली बार देश में सर्वाधिक दूरी तक मार करने वाली तोप बनाई जाएगी। इसके साथ ही 45 किलोमीटर तक मार करने में सक्षम एडवांस धनुष तोप तैयार कर ली गई है।