भीतरगांव ब्लॉक के बरूई-अकबरपुर गांव में संक्रमण फैलने से करीब एक सौ से अधिक लोग वायरल बुखार की चपेट में आ गए हैं। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में एक मेडिकल कैंप लगाया। मेडिकल कैंप में कुल 126 मरीज बुखार से पीड़ित पाए गए। इनमें से 80 मरीजों के रक्त के सैंपल लेकर मलेरिया और डेंगू की जांच की गई। राहत की बात यह है कि किसी भी मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई। कैंप का नेतृत्व कर रहे चिकित्साधीक्षक डॉ. मनीष तिवारी ने पुष्टि की कि गांव में वायरल बुखार का ही प्रकोप है। उन्होंने ग्रामीणों को साफ-सफाई रखने और एहतियात बरतने की सलाह दी।