कन्नौज जिला अस्पताल के इमरजेंसी में फर्श पर मरीज पड़ा तड़पता रहा। समय से इलाज न मिलने के कारण उसने दम तोड़ दिया। तड़पते घायल का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सीएमएस ने मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कही है। सदर कोतवाली क्षेत्र के मानीमऊ रेलवे स्टेशन के अंडरपास के निकट मंगलवार देर शाम को दो बाइकों की भिड़ंत हो गई थी। हादसे में कानपुर के थाना बिल्हौर के ग्राम पिहानी निवासी सुमित, थाना शिवराजपुर के ग्राम रेतापुर खुर्द निवासी सूरज, थाना ककवन के ग्राम नेवादा निवासी कृष्णकांत उर्फ शिवा व कन्नौज सदर कोतवाली के ग्राम तेतामुल्लू निवासी सोनू घायल हो गए थे। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां पर डॉक्टर ने सुमित को मृत घोषित कर दिया था और तीनों घायलों का इलाज किया। इलाज के दौरान बेंच पर लेटा घायल सूरज गिर गया और उसने निडिल भी निकाल दी। वह फर्श पर पड़ा तड़पता रहा, लेकिन किसी ने उसे संभालने का प्रयास नहीं किया। स्वास्थ्य कर्मी दूसरे घायलों का इलाज करते रहे। कुछ देर बाद ही सूरज ने दम तोड़ दिया।