सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर प्रशासन ने हाइवे पर संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर बीती रात राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग और खनन विभाग की टीमों ने मिलकर सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, ओवरलोड वाहन, अनधिकृत वाहनों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के चालान काटे और कई मामलों में जुर्माना भी वसूला गया। साथ ही वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया गया। प्रशासन की ओर से कहा गया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। इसके लिए तहसीलवार संयुक्त टीमें भी गठित की गई हैं।