नवीन गंगा पुल पर शनिवार की रात डेढ़ घंटा व रविवार की रात एक घंटा जाम लगा रहा। शनिवार की रात लगे जाम में एक एंबुलेंस भी फंसी रही, जिसे पुलिस ने किसी तरह निकलवाकर रवाना किया। वहीं, पोनी रोड पर रविवार की शाम राहगीर एक घंटे जाम से जूझे। शनिवार की रात 9:30 बजे कानपुर से उन्नाव की ओर आ रहा एक ट्रक अचानक पुल के बीचोंबीच फंस गया। रास्ता संकरा होने से देखते ही देखते पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस बीच उन्नाव से कानपुर की ओर जा रही एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, जिसे पुलिस ने किसी तरह से निकलवाया।