हेयर ट्रांसप्लांट के दौरान सहायक इंजीनियर की मौत के मामले में जेल में बंद डॉ. अनुष्का का कोर्ट से छह घंटे का पुलिस कस्टडी रिमांड विवेचक को मिल गया है। स्पेशल सीजेएम कुमुदलता त्रिपाठी ने बुधवार की सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक डॉ. अनुष्का को पुलिस कस्टडी में देने के निर्देश दे दिए हैं। पुलिस ट्रांसप्लांटेशन में इस्तेमाल किए गए औजारों की बरामदगी के प्रयास करेगी। अनुष्का को कोर्ट में भी तलब किया गया था। रावतपुर पुलिस ने पनकी पावर हाउस की ऑफीसर्स कालोनी निवासी जया त्रिपाठी की तहरीर पर नाै मई को डॉ. अनुष्का के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। डॉ. अनुष्का पर आरोप है कि उन्होंने जया के पति पनकी पावर हाउस में सहायक अभियंता विनीत कुमार दुबे का अपने इंपायर क्लीनिक में हेयर ट्रांसप्लांट किया था, जिसके बाद उनकी मौत हो गई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद डॉ. अनुष्का फरार हो गईं थीं। दबाव बढ़ता देख सीजेएम कोर्ट में 26 मई को समर्पण कर दिया था।