सरकार एक ओर दिव्यांगों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक और चिकित्सा विभाग की संवेदनहीनता इन दावों की पोल खोल रही है। शुक्रवार को भीतरगांव ब्लॉक मुख्यालय सभागार में आयोजित दिव्यांग कैंप बदइंतजामी और डॉक्टरों की मनमानी की भेंट चढ़ गया। चिलचिलाती धूप में दूर दराज से आने के बाद भूखे प्यासे घंटों इंतजार करने के बाद भी दिव्यांगों को बिना पंजीयन और प्रमाण पत्र बनवाए, आंखों में आंसू लिए खाली हाथ घर लौटना पड़ा।