हत्या, लूट, डकैती, मारपीट, रंगदारी समेत 44 मामलों के आरोपी हिस्ट्रीशीटर शाहिद पिच्चा को चमनगंज पुलिस ने बुधवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी, जिसका उर्सला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद किया है। जेल से बाहर आने के बाद से शाहिद पिच्चा फरार चल रहा था। उसने 29 अप्रैल को चमनगंज के होजरी कारोबारी फहीम से रंगदारी मांगी थी। कारोबारी ने शाहिद पिच्चा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस को उसकी कई दिनों से तलाश थी। बुधवार तड़के पुलिस को उसके चमनगंज क्षेत्र में आने की सूचना मिली। थाना प्रभारी संजय राय टीम के साथ आरोपी को पकड़ने पहुंचे, लेकिन वह डिप्टी पड़ाव की ओर भाग निकला।