गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर इन दिनों अमृत भारत रेल स्टेशन योजना के अंतर्गत कायाकल्प का काम कराया जा रहा है। कार्यस्थल पर कई जगह सिग्नल केबल खुली पड़ी हैं। ऐसे में किसी दिन शरारतीतत्वों ने खुली केबल से छेड़छाड़ की तो कानपुर-लखनऊ रेल संचालन ठप हो सकता है। इसके बाद भी रेल प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। यह स्थिति तब है, जब दो दिन पहले ही मगरवारा के पास डाउन ट्रैक पर सीमेंट का स्लीपर मिलने की घटना हो चुकी है। वहीं, आरपीएफ का कहना है कि कई बार इसकी शिकायत रेलवे के जिम्मेदारों से की जा चुकी है, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मगरवारा रेलवे स्टेशन के पास डाउन ट्रैक पर दो दिन पहले ही स्लीपर पड़े होने की घटना हो चुकी है, जिसकी जांच अभी चल रही है। इसके बाद भी रेलवे चेत नहीं रहा। गंगाघाट रेलवे स्टेशन यार्ड के पास अमृत भारत रेल स्टेशन योजना के अंतर्गत निर्माण कार्य के चलते खोदाई का कार्य कराया जा रहा है। यहां से काफी संख्या में सिग्नल केबल समेत अन्य कई जरूरी केबल उन्नाव की ओर निकाली गई हैं। निर्माण कार्य की वजह से यह केबल खुली पड़ी हैं। उधर, आरपीएफ प्रभारी उन्नाव हरीश कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले ही उन्होंने सिग्नल एंड टेलीकाम विभाग व डीआरएम कार्यालय को इसके बारे में अवगत कराया है। इसके बाद भी अनदेखी की जा रही है। दोबारा रिमांइडर भेजा जाएगा।