अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना से गंगाघाट रेलवे स्टेशन के कायाकल्प का बजट के अभाव में चार महीने से ठप पड़ा काम रविवार को शुरू हो गया है। कार्यदायी एजेंसी के ठेकेदार का कहना है कि बजट के अभाव में कई बार कार्य बंद होने से काम बाधित रहा है। अब एक साल में कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। गंगाघाट रेलवे स्टेशन के कायाकल्प का कार्य वर्ष 2023 में शुरू कराया गया, दिसंबर 2025 में काम खत्म करने की डेडलाइन थी। लेकिन बजट के अभाव में कार्य कई बार बीच-बीच में महीनों बंद रहा। इससे कार्य तय समय में पूरा नहीं हो सका। अभी तक सिर्फ 15 फीसदी कार्य ही हो सका है। चार माह पहले बंद हुआ काम रविवार को शुरू हो गया है। रेलवे की कार्यदायी एजेंसी के ठेकेदार तेजवीर चौहान ने बताया कि रिटेनिंग वॉल बनाने का कार्य पूरा किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत रेलवे स्टेशन पर यार्ड, पार्किंग, आधुनिक टिकट काउंटर, वातानुकूलित विश्रामालय, वेटिंग रूम, शौचालय, पेयजल काउंटर, फुट ओवरब्रिज, प्लेटफार्म विस्तारीकरण के साथ ही अन्य कई कार्य होने है। सबकुछ सही रहा तो एक साल में पूरा कार्य कर लिया जाएगा।