कानपुर शहर में आई तेज आंधी के बाद विश्वकर्मा चौक से शास्त्री नगर जाने वाली सड़क पर एक बड़ा पेड़ गिर जाने से मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। पेड़ सड़क के बीचों-बीच गिरा हुआ है, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है और राहगीरों को मजबूरन दूसरे रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पेड़ की शाखाओं की कटिंग तो कर दी गई है, लेकिन उसे सड़क से हटाया नहीं गया है। कर्मचारियों की कमी के चलते पेड़ को पूरी तरह हटाने में देरी हो रही है, जिससे लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि केवल पैदल यात्री ही किसी तरह रास्ते के किनारे से निकल पा रहे हैं, जबकि दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए रास्ता पूरी तरह बंद है। इससे क्षेत्र में जाम जैसी स्थिति बनी हुई है और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग रहा है।