पोनी रोड चौड़ीकरण में बाधा बने कब्जों को रविवार को पीडब्ल्यूडी ने हटवाया। जेसीबी से करीब आधा दर्जन से ज्यादा कच्चे-पक्के निर्माण ढहाए गए। इस दौरान कई व्यापारियों ने मानक के अनुरूप कार्य न होने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। व्यापारियों का कहना है कि तोड़फोड़ की कार्रवाई से इस बार दीपावली पर उनका व्यापार पूरी तरह चौपट हो रहा है। वह त्योहार कैसे मनाएं, समझ में नहीं आ रहा है। पीडब्ल्यूडी बीते एक महीने से पोनी रोड चौड़ीकरण का काम करा रही। पोनी रोड तिराहे से लोहिया स्कूल तक काम कराया जा रहा। काम में बाधा बने 200 से ज्यादा कच्चे पक्के कब्जों को तोड़ा गया है। रविवार को भी आधा दर्जन से अधिक छोटे कब्जे को जेसीबी से ढहाया गया। कई व्यापारियों ने मानक के अनुरूप कार्य न होने की बात कही और विरोध जताया। मौके पर मौजूद कार्यदायी एजेंसी के मेट से कई बार लोगों की कहासुनी भी हुई। मालूम हो कि कुछ दिन पहले पोनी रोड झंडा चौराहे पर एक मकान की छत को जबरन गिराए जाने का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की गई थी। इस मामले की जांच चल रही है। ऑल इंडिया उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र रस्तोगी ने बताया कि कराए जा रहे कार्य को लेकर व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। इस दीपावली पर पोनी रोड के व्यापारियों का लाखों का नुकसान होगा। क्योंकि यहां सर्राफा व्यापार होने के साथ ही जनरल मर्चेंट और अन्य थोक मार्केट का काम भी होता है।