बारिश के मौसम में लोगों को जलभराव की समस्या से राहत के लिए गंगाघाट नगर पालिका ने अभी से कवायद शुरू कर दी है। राजधानी मार्ग पर सड़क के दोनों छोर पर नालों को मोहल्लों के नालों के बराबर किया जाएगा। इसके लिए सर्वे कार्य तेजी से शुरू करा दिया गया है। साथ ही धोबिन पुलिया से पोनी रोड तिराहे तक सड़क के दोनों ओर नए नाले बनेंगे। पालिकाध्यक्ष के प्रतिनिधि संदीप पांडेय ने बताया कि वर्तमान में राजधानी मार्ग पर जो नाले बने है वह मोहल्लों के नालों से ऊपर की ओर बने हैं। ऐसे में मोहल्लों के नालों का पानी इन मुख्य नालों में नहीं जा पाता है और ओवरफ्लो होने पर जलभराव होने लगता है। इसे संज्ञान में लिया और नालों को बराबर करने के लिए कार्य शुरू करा दिया गया है। राजधानी मार्ग के बीच के हिस्से में सर्वे कार्य कराते हुए ड्राइंग तैयार कराई जा रही है। ड्राइंग पास होने के बाद दोनों के तरफ के नालों का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। बताया गया कि धोबिन पुलिया से पोनी रोड तिराहे तक सड़क के दोनों ओर नाले का निर्माण कराया जाएगा। इससे लोगों को जलभराव से राहत मिलेगी।