भीतरगांव विकास खंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम मड़ेपुर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। गांव की मुख्य सड़कों के किनारे नालियां गंदगी से लबालब भरी हुई हैं, जिसके कारण नालियों का गंदा पानी और कीचड़ सड़कों पर फैल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई कर्मियों की लापरवाही और नियमित सफाई न होने के कारण गांव में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। जलभराव और सड़न की वजह से गांव में संक्रामक बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है।