बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन में रविवार को शो योर टैलेंट के तहत आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने कलाकारों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने समां बांधा। मेट्रो की शो योर टैलेंट पहल के अंतर्गत एटीएफ प्रोडक्शंस के सहयोग से आयोजित कैन यू डांस प्रतियोगिता में बाल कलाकारों ने अपनी प्रतिभा से यात्रियों और दर्शकों का दिल जीत लिया। दोपहर में हुए इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में 15 बाल कलाकारों ने फिल्मी गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किए। बच्चों की लयबद्ध चाल, भाव-भंगिमाओं और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुति देख दर्शकों ने तालियां बजाईं। मेट्रो का इंतजार कर रहे यात्री भी रुककर कार्यक्रम का आनंद लेते नजर आए। निर्णायकों ने अनिशा पाठक को प्रथम, सात्विका गुप्ता को द्वितीय तथा वैष्णवी को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया। मेट्रो अधिकारियों ने बताया कि शो योर टैलेंट पहल का उद्देश्य नवोदित कलाकारों को सार्वजनिक मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी कला का प्रदर्शन कर सकें। इस पहल के तहत मेट्रो स्टेशनों पर सोलो व समूह संगीत प्रस्तुति, बैंड परफॉर्मेंस, स्केचिंग, नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजितती जाती हैं।