महाशिवरात्रि पर प्रयागराज में अमृत स्नान करने जाने वालों का रेला मंगलवार को सेंट्रल स्टेशन पर उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं को ट्रेन के दरवाजे से प्रवेश नहीं मिला तो वे खिड़की से घुसे। श्रद्धालुओं को होल्डिंग एरिया में रोका गया। प्लेटफार्म पर मेमू के आने पर श्रद्धालुओं को प्रयागराज भेजा गया। प्लेटफार्मों व स्टेशन मार्गों पर चार थानों की जिला पुलिस के साथ जीआरपी और आरपीएफ भी मुस्तैद रही। शिवरात्रि पर आखिरी अमृत स्नान है। इससे प्रयागराज जाने वाली लगभग सभी ट्रेनें फुल गई। कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। देर रात आठ बजे से फिर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हुई और सभी प्लेटफार्म भर गए। स्टेशन अधीक्षक अवधेश द्विवेदी ने बताया कि महाशिवरात्रि पर संगम स्नान के लिए 24 घंटे में 52 मेला स्पेशल चलाई गईं। नियमित व स्पेशल सहित 103 ट्रेनें प्रयागराज के लिए रवाना की गई हैं। वापसी में श्रद्धालुओं को गंजव्य तक पहुंचाने के लिए दिल्ली-हावड़ा, झांसी, फर्रुखाबाद सहित अन्य रूटों पर मेमू रवाना की गईं।