बर्रा थानाक्षेत्र के हरदेवनगर में सोमवार रात निर्माणाधीन कॉलेज की छत भरभरा कर ढह गई। हादसा उस वक्त हुआ जब तीसरी मंजिल की ढलाई का काम चल रहा था। तभी दो माह पहले बनी दूसरी मंजिल की छत की बीम टूट गई। इसके टूटने से पहले दूसरी मंजिल भरभराकर गिर गई। यही नहीं, उसके ऊपर ढाली जा रही तीसरी मंजिल का लिंटर भी बैठ गया। हादसे के वक्त वहां दो मजदूर काम कर रहे थे जो अपनी जान बचाकर नीचे भागे। हालांकि इनमें से एक मलबे के नीचे दब गया। दूसरा किसी तरह बाहर निकल आया। सूचना पर बर्रा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और बचाव कार्य शुरु किया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद मजदूर को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।